पंचकूला। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, टिक्कर हिल्स मोरनी का बाहरवीं कक्षा के बोर्ड नतीजे में शत प्रतिशत नतीजा रहा। विद्यालय की छात्रा अंशुल शर्मा व रितेश शर्मा ने 90 प्रतिशत अंक (450/500) लेकर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। भावेश शर्मा ने 88. 2 प्रतिशत (441/500) अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान व विमन शर्मा ने 85.8 प्रतिशत (429/500) अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। अंशुल शर्मा ने राजनीतिक शास्त्र विषय में शत प्रतिशत अंक प्राप्त किए। विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विद्यालय की प्रिंसिपल उर्मिल रंगा व वाइस प्रिंसिपल सुभाष शर्मा ने विद्यार्थियों को बधाई दी। प्रिंसिपल उर्मिल रंगा ने कहा कि विद्यार्थी अपने आने वाले भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करेंगे व शिवालिक क्षेत्र को आगे बढ़ाने में सहायक होंगे।