पंचकूला। नव वर्ष 2026 के आगमन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पंचकूला पुलिस ने जिलेभर में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि नववर्ष के अवसर पर जिले में 500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। एसीपी स्तर के अधिकारी, संबंधित थाना प्रभारी, क्राइम ब्रांच प्रभारी और चौकी इंचार्ज अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखेंगे। शहर के 48 प्रमुख स्थानों पर नाके स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही 29 राइडर, 12 पीसीआर और 19 ईआरवी निरंतर गश्त पर रहेंगी, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। नव वर्ष की पूर्व संध्या पर शराब पीकर वाहन चलाने, हुड़दंग मचाने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने और सार्वजनिक शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पर्यटक स्थलों, विशेषकर मोरनी और अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर विशेष निगरानी रखी जाएगी। संवेदनशील इलाकों में दंगा नियंत्रण उपकरणों से लैस पुलिस बल और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कड़ी नजर रखी जाएगी। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए माता मनसा देवी मंदिर और काली माता मंदिर में विशेष सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के प्रबंध किए गए हैं, ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
ट्रैफिक नियम पर होगा कार्रवाई
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि यातायात व्यवस्था को बेहतर रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को विशेष निर्देश दिए गए हैं। गलत लेन, नो-पार्किंग और नियम उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई होगी, वहीं सड़क किनारे अव्यवस्थित खड़े वाहनों को क्रेन से हटाया जाएगा। पुलिस ने जिला वासियों से अपील की है कि वे नववर्ष का जश्न जिम्मेदारी के साथ मनाएं, पुलिस का सहयोग करें और शराब पीकर वाहन न चलाएं, ताकि नव वर्ष सुरक्षित और आनंदमय बनाया जा सके।