पंचकूला। मोरनी टी पॉइंट के समीप देर रात मामूली कहासुनी के बाद कार सवार तीन लोगों को उनके ही वाहन में अगवा कर पीटने का मामला सामने आया है। रास्ते में वनविभाग के नाके पर पुलिस को देखकर आरोपी कार सवारों को छोड़कर फरार हो गए। सूचना पाकर पुलिस अस्पताल पहुंची और घायलों से पूछताछ की। पीड़ितों ने अभी तक पुलिस को शिकायत नहीं दी है।
जानकारी के अनुसार हिसार निवासी विकास दो दोस्तों के साथ कार से रविवार रात चंडीगढ़ पहुंचे। रात करीब 12 बजे वे चंडीगढ़ से मोरनी रोड स्थित होटल में जा रहे थे। जब वे मोरनी टी पॉइंट के पास पहुंचे तो आगे स्पीड ब्रेकर होने की वजह से उन्होंने ब्रेक लगाकर अपनी कार धीमी कर ली। पीछे से आ रही दिल्ली नंबर की कार उनके वाहन से टकरा गई। इसके बाद दूसरे कार सवारों ने वाहन रोककर उनके साथ बहस शुरू कर दी। आरोपी खुद को पुलिस अधिकारी बताकर पीड़ित की कार में बैठकर उनको धमकाने लगे। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी उनकी कार लेकर मोरनी की तरफ जाने लगे।
पुलिस का नाका देखकर कार सवार दो लोगों को वहीं उतारा
फॉरेस्ट विभाग के नाके पर पुलिस को देखकर आरोपी डर गए। आरोपियों ने कार सवार विकास और उसके साथी मोनू को वहीं उतार दिया जबकि उनके साथी को कार में बैठाकर रामगढ़ की तरफ ले गए। इसके बाद आरोपी तीसरे दिव्यांग साथी और कार को रामगढ़ में छोड़कर अपनी कार में फरार हो गए। इस मामले में विकास ने एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। घायलों को उपचार के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना पाकर चंडीमंदिर पुलिस के अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों से पूछताछ की।