जिले भर में पुलिसकर्मियों की तैनाती के बावजूद चोर सरगर्म हैं। सेक्टर-27 स्थित विक्रम विहार आर्मी सोसाइटी के एक फ्लैट से तीन लाख रुपये नकदी सहित पंद्रह तोले सोने के गहने ले उड़े। वारदात की सूचना पर थाना चंडी मंदिर के एसएचओ दीपक कुमार सहित क्राइम ब्रांच-19 के प्रभारी कर्मबीर सिंह और डिटेक्टिव स्टाफ के कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने मौके की बारीकी से जांच करने सहित फॉरेंसिक टीम के एक्सपर्ट्स की मदद भी ली। फ्लैट के मालिक जसबीर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्जकर उनका सुराग तलाशने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। वह 20 मार्च को परिवार सहित करनाल गए थे।