पंचकूला। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर 1 करोड़ की रंगदारी मांगने का मामले में क्राइम ब्रांच-26 की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले एक आरोपी को फिरोजपुर से गिरफ्तार किया था। आरोपियों की पहचान रोहित शर्मा, जीरकपुर, विपुल खुराना ढकोली और तरुण चंडीगढ़ निवासी के रूप में हुई है। शिकायत के अनुसार 18 फरवरी को दोपहर करीब 1 बजे पीडि़त के मोबाइल पर कनाडा कोड (+1) वाले नंबर से कॉल आई। कॉलर ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई बताते हुए 1 करोड़ रुपये की मांग की। 24 फरवरी को उसी नंबर से दोबारा कॉल आई। इस बार कॉल करने वाले ने खुद को गोल्डी ढिल्लो बताते हुए कहा कि उसे लॉरेंस की ओर से जिम्मेदारी सौंपी गई है और पैसे नहीं देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। अगले दिन चार बार और कॉल की गईं, हालांकि पीड़ित ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।