पंचकूला। रंगों के पर्व होली को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पंचकूला पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। त्योहार की आड़ में हुड़दंग मचाने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने जिलावासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि वे एक-दूसरे की भावनाओं और संवेदनशीलता का सम्मान करते हुए भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं। डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने जानकारी दी कि जिलेभर में करीब 370 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। एसीपी स्तर के अधिकारी इनकी निगरानी करेंगे। शहर में 35 विशेष नाके स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 16 नाकों पर एल्कोसेंसर के माध्यम से शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच की जाएगी। सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए 25 राइडर, 19 ईआरवी और 11 पीसीआर वाहन लगातार गश्त करेंगे। कंट्रोल रूम के जरिए सभी थाना प्रभारियों और गश्ती दलों के बीच रीयल-टाइम समन्वय सुनिश्चित किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
कोई व्यक्ति नशे में हुड़दंग करता है तो 112 पर सूचना दें
डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि होली के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने से गंभीर हादसों की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर बुलेट बाइक से पटाखे जैसी आवाज निकालकर दहशत फैलाने वालों पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति नशे में हुड़दंग करता है या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है तो तुरंत नजदीकी पुलिस चौकी, थाने या डायल 112 पर सूचना दें।