पंचकूला। क्राइम ब्रांच-26 ने दुकान से बिजली का सामान चोरी में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों से 10 बंडल बिजली की तांबे की तार और एक बाइक बरामद की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को पूछताछ के बाद 29 जुलाई को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में दीपक कुमार (23), निवासी जिला चंदौसी, हेमराज कुमार उर्फ गोकुल (24), निवासी चंडीगढ़ और संतु मंडल (33) निवासी कोलकाता, वर्तमान किरायेदार रामदरबार फेस-1 चंडीगढ़ के रहने वाले हैं।
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि यह मामला थाना चंडीमंदिर क्षेत्र का है। 26 जुलाई को गांव कोट निवासी रविन्द्र कुमार ने शिकायत दी थी कि वह गांव में बिजली के सामान की दुकान चलाता है। 22 जुलाई को किसी काम से बाहर गया था और लौटने पर देखा तो दुकान से दस बंडल तांबे की तार के चोरी हो गए थे। शिकायत पर पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो दो बाइक सवार संदिग्ध युवक नजर आए। एक युवक बाइक पर बैठा था, जबकि दूसरा युवक दुकान से तार के बंडल उठाते हुए दिख रहा है।