पंचकूला। डिटेक्टिव स्टाफ की टीम ने कालका में युवक को पिस्तौल दिखाकर 42 हजार रुपये लूटने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मंदीप बसौला, कुलविंदर बसौला और मनीष पपलोहा निवासी कालका के रूप में हुई हैं। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेशकर चार दिन का रिमांड लिया है।
परवाणू स्थित बंधन बैंक के कलेक्शन मैनेजर संजीव कुमार ने कालका पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह महताब माजरा गांव में तीन जुलाई को सुबह कलेक्शन के लिए गया था। वहां लोगों से 42 हजार 700 रुपये इकट्ठा कर पैदल परवाणु की ओर जा रहा था। जैसे ही वह गांव से 500 मीटर दूर सुनसान इलाके में पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद बाइक सवार दो लड़के मिले। उन्होंने बुलाकर बैग देने को कहा। बैग नहीं देने पर उन्होंने पिस्तौल दिखाकर डराया और बैग छीन लिया। शिकायतकर्ता ने कहा कि उसके पास एक भी पैसा नहीं बचा तो लुटेरों ने उन्हें 2 हजार रुपये वापस कर दिए। उसके बाद मामले की शिकायत पुलिस में दी गई।
आरोपियों ने लूट के बाद पैसे अपने जानकारों को दे दिए। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से पिस्तौल और पैसे रिकवर करेगी।