पंचकूला। सेक्टर-26 क्राइम ब्रांच की टीम ने टावर की बैटरियां चोरी करने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान रिंकू गांव रामगढ़, गुरजिन्द्र सिंह उर्फ काली पटियाला, मंदीप उर्फ मुन्ना रामगढ़ और संजय उर्फ गग्गी पंचकूला निवासी के रूप में हुई है। उनके पास से 1 लाख 33 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।परमिन्द्र शर्मा अंबाला कैंट निवासी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह वीके इंटरनेशनल में सिक्योरिटी सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है। वह कंपनी के टावर लगाने और रखरखाव का काम करता है। कंपनी का एक टावर रामगढ़ में लगा हुआ है। 29 जून को उसे सूचना मिली कि कुछ लोग टावर की बैटिरियां चोरी कर ले गए हैं। सूचना मिलते ही वह साइट टेक्नीशियन को लेकर मौके पर पहुंचा। वहां देखा कि टावर से 600 ए.एच की 46 बैटरियां गायब थीं। जिनकी कुल कीमत करीब 3.50 लाख रुपये थी। चंडीमंदिर थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर आगे की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी थी।
क्राइम ब्रांच की टीम ने मामले की जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज की मदद से 9 जुलाई को एक आरोपी रिंकू को गिरफ्तार किया। उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। इसके बाद आरोपी मंदीप और गुरजिन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने बताया कि चोरी की गई बैटरियां कबाड़ी संजय को बेच दी थीं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 लाख 33 हजार रुपये बरामद किए हैं।