पंचकूला। क्राइम ब्रांच-19 की टीम ने 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक विदेशी नंबर से कॉल कर और धमकी भरा पत्र भेजकर ज्वेलरी व्यापारी से रंगदारी मांगी थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयोग एक मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद किया है। अदालत ने तीनों आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
डीसीपी क्राइम मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को पंजाब से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लुधियाना के सुखविंद्र सिंह व संदीप सिंह, और उत्तर प्रदेश के जोनपुर निवासी राजेश दुबे के रूप में हुई है। एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि 25 सितंबर को पंचकूला निवासी शिकायतकर्ता ने थाना सेक्टर-7 में शिकायत दी थी कि उसे 29 जुलाई को एक विदेशी नंबर से कॉल आई थी। इसके बाद 20 सितंबर को वॉयस नोट के जरिये धमकी दी गई और 21 सितंबर को उसके घर के लेटर बॉक्स में 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने वाला पत्र मिला। पत्र में पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। 23 सितंबर को दोबारा धमकी मिलने के बाद मामला दर्ज कर जांच क्राइम ब्रांच-19 को सौंप दी गई।
इंचार्ज मुकेश कुमार व एएसआई प्रदीप की टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर 26 सितंबर को पहला आरोपी सुखविंद्र सिंह को अनाज मंडी, लुधियाना से काबू किया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि फिरौती की साजिश उसने अपने भाई संदीप सिंह और दोस्त राजेश दुबे के साथ रची थी। इसके बाद पुलिस ने मोहाली के सिटी सेंटर से दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि संदीप शिकायतकर्ता के दोस्त के पास ड्राइवर था और वह जानता था कि शिकायतकर्ता ज्वेलरी के बड़े व्यापारी हैं। इसी वजह से उसने अपने भाई और दोस्त के साथ मिलकर फिरौती की योजना बनाई। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने अन्य स्थानों पर भी फिरौती या धमकी की कोई वारदात की है या नहीं।