पंचकूला। पिंजाैर में सोमवार अलसुबह जन्मदिन की पार्टी मनाने आए दो युवकों और एक युवती पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उनकी हत्या कर दी गई। यह वारदात पिंजाैर के सल्तनत होटल के बाहर हुई। वारदात के समय तीनों पार्किंग एरिया में खड़ी स्काॅर्पियो में सवार थे। मरने वाले दोनों युवक रिश्ते में मामा-भांला हैं। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आठ टीमों का गठन कर छापे मारने शुरू कर दिए हैं। पुलिस के अुनसार यह हत्या गैंगवार के कारण हुई है। सूत्रों के अनुसार इस वारदात में आरोपियों का निशाना विनीत उर्फ विक्की था। विक्की का संबंध गैंगस्टर अशोक महल से बताया जा रहा है। इसके साथ ही उसका सगा भाई अशोक मकोका के केस में जेल में बंद है।
वारदात के बाद माैके पर पहुंची पुलिस टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। उनके अनुसार वारदात के समय करीब 30 गोलियां चलाई गई हैं। इनमें से 11 तो गाड़ी पर ही लगी हैं। पिंजाैर के सल्तनल रेंस्टोरेंट में रोहित भारद्वाज ने पार्टी आयोजित की थी। इस पार्टी में विनीत उर्फ विक्की, उसका भांजा तीर्थ निवासी नजफ्फगढ़ (दिल्ली) और रोहित की दोस्त वंदना उर्फ मियां (उचाना कलां, जींद) भी आए थे। पार्टी के दाैरान तीनों पार्किंग में खड़ी स्काॅर्पियो में बैठे बातें कर रही थी। इसी दाैरान टोयोटा की एक गाड़ी से आए तीन से चार हमलावरों ने स्काॅर्पियो पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसमें तीनों की माैके पर ही माैत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस उपायुक्त हिमाद्री कौशिक, डीसीपी क्राइम मुकेश कुमार, एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज व सीन आफ क्राइम ब्रांच और फाॅरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। साथ ही पार्टी में शामिल अन्य दोस्तों से भी गहन पूछताछ की। बताया जा रहा है कि यह वारदात हरियाणा के डीआईजी हामिद अख्तर के होटल की पार्किंग में हुई है। इसे डीआईजी ने लीज पर दे रखा है।
घात लगाए बैठे थे बदमाश
तीनों पार्टी करके जैसे ही रात ढाई बजे होटल से बाहर निकले और पार्किंग में खड़ी कार में जाकर बैठे तो इसी दाैरान घात लगाए बैठे इटियोस कार सवार बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। करीब 7 से 8 मिनट में ही आरोपियों ने 30 राउंड फायरिंग की और माैके से फरार हो गए। इनमें से विक्की, तीर्थ और वंदना के शरीर पर सात से आठ गोलियां लगी हैं।
दस से अधिक लोग बर्थडे पार्टी में थे शामिल
जीरकपुर निवासी रोहित भारद्वाज का जन्मदिन था। उसने करीब दस दोस्तों को पार्टी में आमंत्रित किया था। अस्पताल में पहुंचे दोस्तों ने बताया कि पार्टी पहले पंचकूला के सेक्टर-पांच के नामी होटल में होनी थी, लेकिन अचानक इसे सल्तनल होटल में शिफ्ट कर दिया गया। पार्टी में आए बाकी दोस्त गोलियों की आवाज सुनकर माैके से फरार हो गए थे।
विक्की पर दर्ज हैं मर्डर समेत पांच मामले
पिंजौर थाने के एसएचओ रूपेश चौधरी ने बताया कि नजफगढ़ निवासी विनीत उर्फ विक्की दस साल से भांजे तीर्थ के साथ पंचकूला के सेक्टर-20 में रहता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विनीत उर्फ विक्की की आपराधिक पृष्ठभूमि रही है। इसका सगा भाई गैंगस्टर है और दिल्ली की जेल में बंद है। मृतक विक्की मंजीत महल के गैंग का करीबी बताया जा रहा है। इस कारण से वह नजफगढ़ के गैंगस्टर कपिल सांगवान के निशान पर लंबे समय से था। विनीत पर पंचकूला, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, नई दिल्ली समेत अन्य राज्यों में भी हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, लूट आदि धाराओं में मामले दर्ज हैं।
एक साल पहले चंडीगढ़ तैयारी करने आई थी वंदना
वंदना के चाचा के बेटे सतीश ने बताया कि 2023 में 12वीं की परीक्षा पास करने बाद वंदना जींद से चंडीगढ़ विदेश जाने की तैयारी करने के लिए आई थी। वह विदेश में नौकरी करना चाहती थी इसलिए कोचिंग क्लास जाॅइन की थी। उसके पिता रामेश कुमार सरकारी टीचर हैं और माता गृहिणी हैं।
स्काॅर्पियो पर मिले 11 गोलियों के निशान
तीनों जिस गाड़ी से पार्टी में गए थे उस पर चारों तरफ गोलियों के निशान मिले हैं। गाड़ी पर कुल 11 जगह गोलियां लगने के निशान मिले हैं। इसके अलावा पीछे, ड्राइविंग सीट, राइट और लेफ्ट गेट का शीशा पूरी तरह से टूट चुका था। हमलावारों ने कार को घेरकर गोलियां बरसाई हैं।
वारदात के बाद होटल मैनेजर फरार
वारदात के बाद होटल मैनेजर और स्टाफ वहां से फरार हो गया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा वहां लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगालकर आरोपियों की पहचान की जा रही है। होटल के मैनेजर और अन्य स्टाफ खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी के लिए आठ टीमें गठित
ट्रिपल मर्डर मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर उपायुक्त हिमाद्रि कौशिक व पुलिस उपायुक्त अपराध और यातायात मुकेश कुमार के नेतृत्व पर क्राइम यूनिट की कुल आठ टीमें लगातार अलग-अलग एंगल पर जांच कर रही हैं।
वर्जन
ट्रिपल मर्डर मामले में क्राइम ब्रांच की आठ टीमें गैंगवार से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए खोजबीन कर रही है। मृतक विक्की के अपराधिक इतिहास के आधार पर जांच जारी है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
-राकेश कुमार आर्य, पुलिस कमिश्नर, पंचकूला