पंचकूला। सेक्टर-12 निवासी व्यक्ति के घर में चोर बाथरूम का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद आलमारी का ताला तोड़कर सात लाख की ज्वेलरी और 15 लाख का सामान ले गए।
कुल 22 लाख की चोरी की शिकायत पीड़ित ने सेक्टर-5 थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-12 निवासी कंवरप्रीत सिंह संधू ने बताया कि वह निजी काम से नोएडा गए थे।
30 अप्रैल को देर रात रात दो बजे घर में चार चोर घुस गए। चारों चोरों ने घर में प्रवेश करने के लिए पीछे की तरफ से बाथरूम का दरवाजा तोड़ा और बाद में कीमती सामान तक पहुंचने के लिए आलमारी के ताले तोड़े। इसके बाद घर में रखी सात लाख की ज्वेलरी और 15 लाख का सामान चोरी कर ले गए। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्लोबल सिक्योरएक्स कंपनी के सुरक्षा अलार्म घर में लगाए गए हैं। ये सिस्टम फेल साबित हुआ है। घर की खिड़की और बाथरूम के दरवाजे टूटने के बाद भी अलार्म नहीं बजा।
इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि चोर सुबह चार बजे बिजली काटकर घर का सामान ले गए। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में वारदात रिकाॅर्ड हुई है। चोरी के बाद पुलिस ने एक मई को सुबह 11 बजे घर में फॉरेंसिक टीम ने फिंगर प्रिंट के सैंपल लिए। उन्होंने बताया कि छह माह पहले दिसंबर में घर से सिलिंडर और एक एलईडी टीवी चोरी हुआ था।