संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-20 स्थित सोसाइटी के प्रवेश द्वार गलत नाम, मोबाइल नंबर और गलत नंबर दर्ज करवाकर चोरी का प्रयास करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत मिलने जांच शुरू कर दी है। आरडब्ल्यूए सेक्टर-20 के वाइस प्रेसिडेंट योगिंद्र क्वात्रा ने बताया कि सोमवार को सेक्टर-20 स्थित सोसाइटी में दो लोग पहुंचे। गेट के रजिस्टर में की गई एंट्री में नाम, मोबाइल नंबर और फ्लैट नंबर भी गलत दर्ज करवाकर आरोपी सोसाइटी के पहले मंजिल पर स्थित एक बंद फ्लैट में पहुंचे।
फ्लैट पर ताला लगा था। आरोपियों ने उसका ताला तोड़ा, लेकिन वहां कुछ नहीं मिला। मामला तब सामने आया जब मालिक फ्लैट में रहने वाले किराएदार को उसका एडाप्टर लौटाने आया। मालिक ने देखा कि फ्लैट का ताला खुला हुआ है और लेकिन बेल का बटन दबाने पर कोई बाहर नहीं आ रहा। उसके बाद उन्होंने अपने किराएदार के मोबाइल पर फोन कर फ्लैट से बाहर आने को कहा। किराएदार ने कहा कि वह काफी दिनों से बाहर है। फ्लैट में कोई नहीं है। गौर से देखने पर पता चला कि फ्लैट के मेन गेट का ताला टूटा है। उसके बाद फ्लैट मालिक ने सोसाइटी की सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो उसमें सुबह करीब साढ़े 11 बजे दो युवक सोसाइटी में प्रवेश करते दिखाई दिए।
प्रवेश रजिस्टर में एक ने अपना नाम अंकित लिखा था। आरोपी ने फर्जी मोबाइल नंबर पर और पता लिखा था। उसने कहा कि फ्लैट 201 में कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा है और उसका दोस्त वहां पर है। उससे मिलने जा रहा है। आरोपी उस फ्लैट में ना जाकर पहली मंजिल पर एक फ्लैट का ताला तोड़कर उसमें चोरी की वारदात को अंजाम देने गया था। गनीमत यह रही कि फ्लैट में कैश, जेवर या महंगा कोई सामान नहीं था। सीसीटीवी फुटेज व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल हुआ तो इसके बाद पुलिस में शिकायत दी गई।