पंचकूला। एक फरवरी से जीरकपुर-कालका हाईवे पर सेक्टर-12ए और सेक्टर-20 के पुल पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से निजात मिलने वाली है। क्योंकि सेक्टर-12ए और औद्योगिक क्षेत्र फेज वन के बरसाती नाले से लेकर जीरकपुर-पंचकूला बार्डर तक बनने वाले सिंगल लेन फ्लाईओवर का 65 फीसदी काम पूरा हाे चुका है। शेष काम 15 जनवरी तक पूरा कर लिया जाएगा। यह सिंगल लेन फ्लाईओवर पंचकूला की तरफ से उठेगा और जीरकपुर-पंचकूला बार्डर हाईवे पर जाकर समतल होगा।
अभी पंचकूला शहरी क्षेत्र के लोगों को ढकोली, जीरकपुर व अंबाला जाने के लिए सेक्टर-20 के अंडरपास से यू टर्न लेना पड़ता है। जहां सेक्टर के लोगों के साथ साथ कालका-शिमला हाईवे से पंचकूला के दूसरे सेक्टरों को जाने वाले ट्रैफिक का दबाव भी होता है। इसके चलते सुबह और शाम के समय घंटों यहां वाहन चालकों को जाम का सामना करना पड़ता है।
इस फ्लाईओवर के निर्माण के बाद सेक्टर-12ए और औद्योगिक क्षेत्र फेज-एक से होकर जीरकपुर की तरफ जाने वाला ट्रैफिक हाईवे पर सीधा फ्लाईओवर के रास्ते मुड़ जाएगा। वहीं, सेक्टर-20 के लोग स्लिप रोड के रास्ते सेक्टर के अंडरपास की तरफ मुड़ जाएंगे। इससे ट्रैफिक वर्कलोड कम हो जाएगा और जाम से लोगों को राहत मिलेगी।
फ्लाईओवर के दोनों तरफ भी सर्विस रोड का भी चल रहा काम
610 मीटर लंबे और 7.5 मीटर चौड़े फ्लाईओवर का काम भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने 15 जनवरी तक पूरा करने का डेडलाइन कंपनी को दे रखा है। एक फरवरी को पब्लिक के लिए खोल दिया जाएगा। इसपर कुल 13.91 करोड़ रुपये खर्च आएगा। इसके साथ ही पंचकूला के तरफ फ्लाईओवर के दोनों तरफ 200-200 मीटर के सर्विस रोड का काम भी चल रहा है। वहीं, ढकोली की तरफ फ्लाईओवर समतल होगा वहां 600 मीटर लंबा सर्विस रोड निर्माण कार्य पूरा किया जा रहा है।
कोट्स...
सेक्टर-12ए और औद्योगिक क्षेत्र फेज वन के बरसाती नाले से लेकर जीरकपुर-पंचकूला बार्डर तक बनने वाले सिंगल लेन फ्लाईओवर का 65 फीसदी काम पूरा हाे चुका है। 15 जनवरी तक शेष प्रोजेक्ट का पूरा कर लिया जाएगा। एक फरवरी से लोगों के लिए रास्ता खुल जाएगा। -सुमित, प्रोजेक्ट मैनेजर, सूरज कंस्ट्रकशन