अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पंजाब के सीएम मान की ओर से राज्य में स्तरीय सड़कों का निर्माण यकीनी बनाने के लिए गठित की गई फ्लाइंग स्क्वॉयड ने सोमवार को अहम कार्रवाई करते हुए कुछ समय पहले बनी हिआणा खुर्द-मंडौर अजनौदा रोड के सैंपल भरे।
सेहत मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि अगर इस रोड के काम में संबंधित ठेकेदार की तरफ से कोई लापरवाही बरते जाने की बात सामने आती है, तो ठेकेदार और संबंधित विभाग के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करके बनती कार्रवाई की जाएगी। सीएम फ्लाइंग स्कवायड की ओर से दबिश देकर मार्केट कमेटी की ओर से बनाई गई करीब 2.5 किलोमीटर सड़क का निरीक्षण करने की यह कार्रवाई सेहत मंत्री के हलका पटियाला ग्रामीण की पूरी तरह से सतर्क नोडल वॉलंटियर टीम की रिपोर्ट के आधार पर की गई।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि सीएम मान की ओर से पूरे राज्य में लोक निर्माण विभाग और मंडी बोर्ड की बनाई जा रही सड़कों की गुणवत्ता पर खास ध्यान दिया है। पहली बार यह पक्का किया गया है कि सड़क बनाने वाली एजेंसी को 5 साल तक उस सड़क की मरम्मत की जिम्मेदारी भी दी जाए। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले उनकी पटियाला ग्रामीण टीम ने रिपोर्ट दी थी कि हियाणा-मंडौर-अजनौदा रोड की हालत कुछ जगह खराब हो गई है। सीएम फ्लाइंग स्क्वॉयड ने सोमवार को इस रोड की जांच की है। मौजूदा पंजाब सरकार में इतने मजबूत इंतजाम किए गए हैं कि अब सड़कों समेत किसी भी विकास के काम में घटिया सामान इस्तेमाल करने की कोई गुंजाइश नहीं है।
सीएम द्वारा 15 जिलों की सड़कों की जांच के लिए बनाए गए सीएम फ्लाइंग स्क्वॉयड के सदस्य और लोक निर्माण विभाग के कंस्ट्रक्शन सर्कल पटियाला के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर मनप्रीत सिंह दुआ ने कहा कि उन्होंने सड़क के तीन सैंपल लिए हैं और इन्हें क्वालिटी टेस्टिंग के लिए लैब में भेजा जाएगा। मौके पर ही संबंधित एजेंसी और ठेकेदार को सख्त निर्देश दिए गए हैं और सड़क के निर्माण में समयबद्ध ढंग से जरूरी सुधार और मरम्मत करने के निर्देश दिए गए हैं।