करीब आधा एकड़ जमीन पर चल रहा है विद्यालय, खेल का मैदान भी नहीं
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक ज्ञानचंद गुप्ता को पत्र लिखकर लगाई गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
रामगढ़। नगर निगम के वार्ड नंबर 20 के तहत आने वाले गांव कोट में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का भवन न होने से बच्चे व उनके अभिभावक भारी मानसिक परेशानी के दौर से गुजर रहे हैं। हालांकि गांव वासियों ने पूर्व उपाध्यक्ष एवं विधायक ज्ञानचंद गुप्ता को एक पत्र लिखकर विद्यालय के भवन के नवनिर्माण करने वाले गुहार लगाई लेकिन सिर्फ उन्हें आश्वासन ही दिया गया है।
गौरतलब है कि यह विद्यालय प्राइमरी स्कूल भवन में चलाया जा रहा है। वर्ष 1935 में राजकीय प्राथमिक विद्यालय बनाया गया था। इसके बाद जब विद्यालय को 1971- 72 में अपग्रेड कर आठवीं तक किया तब भी इसी परिसर में रहा। करीब वर्ष 1980 में अपग्रेड कर कक्षा 10वीं तक होने के बाद भी यही परिसर रहा और वर्ष 1994 में वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का दर्जा मिलने के बाद भी इसी परिसर में कक्षाएं चल रही हैं। करीब आधा एकड़ में बने विद्यालय में करीब 300 बच्चे पढ़ रहे हैं। इस विद्यालय परिसर में बने कुछ कमरों को लोक निर्माण विभाग द्वारा जर्जर हालत देखते गिरा दिया गया था लेकिन नए कैमरे नहीं बनाए। अब करीब सात कमरों में ही कक्षाएं चल रही हैं। बरसात के मौसम में बच्चों व स्टाफ के लिए समस्या गंभीर बन जाती है। विद्यालय की समुचित जगह न होने पर मेडिकल व नॉन मेडिकल की कक्षाएं भी नहीं शुरू हो सकती हैं। खेल का मैदान न होने से बच्चे खेल गतिविधियों में भी भाग नहीं ले सकते है। इस विद्यालय में दबकौरी, बेहड़, मटटांवाला, खंगेसरा, जसवंतगढ़ सहित अन्य स्थानों से बच्चे पढ़ने के लिए आते हैं लेकिन कोई व्यवस्था न होने से अभिभावक अपने बच्चों को अन्य विद्यालय में पढ़ने के लिए भेज रहे हैं। हालांकि मौजूदा सरकार शिक्षा के प्रति गंभीरता का ढिंढोरा बड़े जोर शोर से पीट रही है लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
सरकार को भवन निर्माण करना चाहिए
सरकार को जल्द से जल्द गांव कोट में विद्यालय के लिए भवन निर्माण करना चाहिए ताकि बच्चों को पढ़ने के लिए उचित वातावरण मिल सके। - बलबीर सिंह, पूर्व सरपंच, गांव कोट
कोट
सरकार को विद्यालय भवन करीब छह एकड़ से ज्यादा में बनाना चाहिए जिससे बच्चों को हर सुविधा मिल सके। इससे उनका सर्वांगीण विकास हो सकेगा। - राजपाल धीमान, गांव कोट
पढ़ाई का माहौल नहीं बन पाता
ग्रामीण क्षेत्र में सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुचारू ढंग से लागू करे ताकि बच्चों को पढ़ने में कोई दिक्कत न उठानी पड़े। परिसर न होने से बच्चों में पढ़ाई का माहौल नहीं बन पाता है। - संजीव खुल्लर, गांव कोट
कोई ध्यान नहीं दे रहा
सरकार की ओर से करोड़ों के विकास कार्यों का ढिंढोरा तो पीटा जा रहा है लेकिन गांव कोट में विद्यालय के लिए भवन नहीं है। इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं तभी ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे हर तरह से पिछड़ रहे हैं। - मोहनलाल, गांव कोट