सेक्टर-7 की कोठी नंबर-67 में चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें चोर एक घंटा 11 मिनट कोठी में मौजूद रहा लेकिन परिवार के सभी लोग सोते रहे। जबकि चोर ने अलमारी में रखे गहने समेट लिए। चोर को ड्यूटी पर मौजूद चौकीदार ने देख भी लिया। चौकीदार ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो वह उससे हाथापाई कर पास की कोठी नंबर-47 की दीवार फांदकर फरार होने में कामयाब रहा। चौकीदार ने परिवार के लोगों को घर में वारदात की सूचना दी। इसके बाद चोरी की सूचना पुलिस को दी गई। सेक्टर-7 की चौकी से मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने परिवार के लोगों सहित चौकीदार से पूछताछ की। पुलिस को मामले की शिकायत उक्त कोठी नंबर के केयर टेकर एवं मनीमाजरा निवासी सतिंन्द्र भल्ला ने दी। उसने बताया कि एक अज्ञात युवक रसोई की उस जगह से कोठी के अंदर घुसा, जहां से उस जगह की पूर्व जानकारी के बिना किसी अन्य का दाखिल होना मुश्किल है। स्पष्ट है कि अज्ञात चोर को पहले से पता था कि वह खिड़की के रास्ते से ही अंदर जा सकता है। कोठी में दाखिल होने के बाद चोर ने अलमारी में रखे गहने समेट लिए। चौकीदार के देख लेने पर उसने उसे पकड़ना चाहा तो लेकिन वह उससे हाथापाई कर फरार हो गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि चोर कोठी में सुबह 4:51 बजे दाखिल हुआ और छह बजे फरार हुआ। कोठी के मालिक ने बताया कि घर के बुजुर्ग ने उन्हें अलमारी को उनके जीवित रहने तक नहीं खोलने को कहा था। इस कारण उन्हें स्पष्ट तौर पर नहीं पता कि अलमारी में और क्या-क्या सामान मौजूद था। फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों का पता लगाने के प्रयास में जुटी है।