पंचकूला। सेक्टर-26 निवासी जजपा के विधायक के घर चोरी होने की रिपोर्ट पुलिस ने दर्ज की है। चंडीमंदिर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में नरवाना से जजपा विधायक रामनिवास ने बताया कि वह अपने घर से बाहर गए थे। उनका घर खाली था। इस दौरान 19 जुलाई को चोरों ने उनका घर खंगाल दिया। जब वे लौटे तो उनके घर के दरवाजे खुले थे। चेक करने पर पता चला कि उनका काफी सामान चोरी हो चुका है। उन्होंने इसकी लिस्ट बनाकर पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि चोरों ने उनके घर से दो एसी के आउटडोर, दो पंखे और तीन टब और नल सहित अन्य सामान चोरी कर लिया है। चंडीमंदिर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जो भी आरोपी पाया जाएगा उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की तरफ से सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले गए हैं।