संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। देहरादून से हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ जा रही एक महिला अपने 2 वर्षीय बच्चे को टैक्सी में छोड़कर कार से सामान लेने के लिए उतर गई। अनजाने में टैक्सी का ड्राइवर महिला को छोड़ उसके दो वर्षीय बच्चे के साथ करीब 15 किलोमीटर आगे बढ़ गया। डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि यह देख कर महिला बुरी तरह घबरा गई और इसकी सूचना उसने पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए ईआरवी टीम तत्काल सक्रिय हो गई और वाहन का पीछा करना शुरू कर दिया और महिला के मोबाइल पर कॉल कर कैब ड्राइवर से संपर्क किया। ड्राइवर ने बताया कि उसे यह एहसास ही नहीं हुआ कि महिला वाहन में मौजूद नही है और वह गलती से कार लेकर आगे बढ़ गया।
वह पिंजौर से नालागढ़ रोड पर लगभग 15 किलोमीटर आगे पहुंच चुका था। पुलिस के कहने पर उसने तुरंत वाहन रोक दिया। ड्राइवर से पूछताछ के दौरान उसने पूरी घटना को महज गलतफहमी बताया। पिंजौर थाना में कार्यरत सब इंस्पेक्टर रोशनलाल ने बताया कि हमारी जांच में किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपराधिक मंशा की पुष्टि नहीं हुई है। मामले को पूरी तरह सुलझाकर बच्चे को सुरक्षित वापस करने के बाद पुलिस ने महिला के हवाले दिया।