ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कार्रवाई, कार्यालय का ताला तोड़कर सामान बाहर निकाला मौके पर तैनात रहा भारी पुलिस बल
संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। मुख्य बाजार पिंजौर में वक्फ बोर्ड की जमीन को लेकर चल रहे मामले में सोमवार को बोर्ड अधिकारियों ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्जा लेने की कार्रवाई की। सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
जानकारी के अनुसार संबंधित जमीन पर एक कार्यालय बना हुआ था। वक्फ बोर्ड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्यालय का ताला तोड़ा और अंदर रखा सामान बाहर निकलवाया। कार्रवाई की सूचना मिलने पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने स्थिति पर नजर रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।
वक्फ बोर्ड अधिकारियों के अनुसार संबंधित जमीन बोर्ड की संपत्ति है और इसे लेकर मामला काफी समय से न्यायालय में विचाराधीन था। अधिकारियों ने बताया कि कोर्ट के आदेश के बाद ही जमीन पर कब्जा लेने की कार्रवाई की गई है। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। कुछ समय तक लोगों की भीड़ जुटी रहने से मुख्य बाजार में हलचल बनी रही।