कालका। खेड़ा सीताराम के स्थित गुंजन पैलेस की पिछली तरफ एक घर पर बिजली गिर गई। इसके चलते मकान का पूरा छज्जा टूटकर गली में बिखर गया। गनीमत रही की कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
प्रीति ने बताया कि वह खेड़ासीताराम में अपने पति अखिलेश व तीन बच्चों के साथ रहती है। उनके पति गाड़ी चलाते हैं बीते दिन भी उनके पति काम की सिलसिले में गए हुए थे। वह अपने तीनों बच्चों के साथ घर में थी। मंगलवार रात करीब 1:40 बजे बिजली गरजी। इसके साथ ही उन्हें जोर के धमाके की आवाज सुनाई दी। बाहर जाकर देखा तो मकान का छज्जा टूटा पड़ा था। स्थानीय निवासियों सीमा अठवाल, मनमोहन तिवारी, रविदत्त, रिखीराम, मदन मोहन सहित अन्य ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की मदद की गुहार लगाई है।
मलबे से निकल रहा था धुंआ
बिजली गिरने के कारण गली में गिरे छज्जे के साथ ही प्रीति के घर के मीटर सहित पड़ोस के दो बिजली मीटर भी क्षतिग्रस्त हो गए। उनकी तारें गली में पड़े मलबे के नीचे दब गईं। इस कारण बिजली भी गुल हो गई। बिजली की तारें मलबे के नीचे दबने व बुधवार को हो रही बारिश के कारण मलबे से धुआं उठ रहा था। इस कारण राहगीर उक्त गली से गुजरने में गुरेज करते दिखाई दिए। सूचना पर समाजसेवी व भाजपा नेता सीमा अठवाल मौके पर पहुंचीं और बिजली निगम को सूचित किया। इसके बाद बिजली निगम के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर मलबे के नीचे दबी तारों व क्षतिग्रस्त मीटरों को व्यवस्थित किया। घटना में एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।