पंचकूला। नगर निगम के विकास की सच्चाई जानना है तो औद्योगिक क्षेत्र में आइए। यहां बरसाती पानी के निकासी का उचित प्रबंध न होने के कारण सड़कें तालाब बन गई हैं। सेक्टर-19 के लोगों की सुविधा के लिए निर्माणाधीन अंडरपास झील बन चुकी है। ऐसा नहीं है कि स्थानीय लोगों ने इस समस्या के समाधान को लेकर शिकायत नहीं की। लोगों और उद्यमियों ने कई बार लिखित में शिकायत दी। अधिकारी भी मौके पर हालात का जायजा लेने पहुंचे, लेकिन दो साल का समय बीतने के बाद भी आजतक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
हरमिलाप नगर के गेट के पास स्थित पार्क की स्थिति दयनीय है। बरसात होने पर पार्क में पानी जमा हो जाता है। इसी के साथ की सड़क का भी बुरा हाल है। बरसाती पानी की निकासी का प्रबंध न होने के कारण हल्की बरसात होने पर कई दिनों तक पानी इकट्ठा रहता है, जिसके चलते यहां से गुजरने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। यही हाल औद्योगिक क्षेत्र फेस-1 और फेस-2 के अन्य पार्कों और सड़कों का है। सड़कें अपना कार्यकाल पूरा कर चुकी हैं। वर्तमान में सड़कों के बीच में बड़े बड़े गड्ढे हैं। जिससे वाहन चालकों को दिक्कत होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वैसे तो नगर निगम के अधिकारी विकास को लेकर बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन सच्चाई विपरीत है।
मिट्टी निकाल सड़क किनारे किया इकट्ठा
बरसाती पानी की निकासी को लेकर सफाई कर्मचारी भी गंभीर नहीं हैं। वह सड़क किनारे से मिट्टी और घास को निकालकर वहीं इकट्ठा कर देते हैं, जिसके चलते बरसात होने पर पानी के साथ मिट्टी और घास दोबारा से रोड गलियों को जाम कर देती है, जिसके चलते जलभराव की स्थिति बनती है। इस दिशा में नगर निगम के अधिकारियों को विशेष ध्यान देने की जरूरत है। सेक्टर-12 सड़क के किनारे से निकाली गई मिट्टी रविवार देर शाम तक वहीं पड़ी रही।