संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। रामगढ़ के पास तय सीमा से अधिक ऊंचाई वाले ट्रक के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 32 हजार रुपये का चालान कर वाहन जब्त कर लिया। यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा अभियान के तहत की गई। एसीपी ट्रैफिक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस टीम ने एक ट्रक को अत्यधिक ऊंचाई के साथ चलते देखा, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ था। सिटी ट्रैफिक एसएचओ वरिंदर कुमार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक को रुकवाया और नियमों के उल्लंघन पर चालान किया। इसके बाद वाहन को चंडीमंदिर थाने में जब्त कर दिया गया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि ओवरहाइट और ओवरलोड वाहन सड़क हादसों का बड़ा कारण बनते हैं। ऐसे चालकों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।