पंचकूला। सेक्टर-3 में नगर निगम दफ्तर की बिल्डिंग का अधूरा काम अब काॅस्ट एंड रिस्क की शर्त पर पूरा कराया जाएगा। इसके लिए 18 नवंबर को दोबारा टेंडर खोला जाएगा। निगम ने 17.68 करोड़ रुपये के बचे हुए काम के लिए फिर से ठेकेदारों को बोली लगाने के लिए आमंत्रित करने का फैसला किया है। बता दें कि 21 दिन की मियाद खत्म होने से पहले टेंडर 10 अक्टूबर को खोल दिया गया था। दो कंपनियों की बिड में तकनीकी कमी होने के कारण टेंडर सक्सेसफुल नहीं हो सका था। अब फिर से टेंडर खोला जाएगा।
बिल्डिंग के करीब 17 करोड़ रुपये से ज्यादा के बकाया काम को पुराने कॉन्ट्रैक्ट की शर्तों पर पूरा किया जाना है। ऐसे में निगम ने रिस्क एंड कॉस्ट को ध्यान में रखते हुए टेंडर में नई कंडीशन लगाई हैं। निगम को उम्मीद है कि अब की बार कंपनियों का रिस्पांस बेहतर आ सकता है।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, यह काम सिर्फ आठ महीने का है, लेकिन इसके लिए कई बार टेंडर निकाले जा चुके हैं। हर बार कोई न कोई वजह से एजेंसी फाइनल नहीं हो पाई। अब फिर से टेंडर आमंत्रित किया गया है। अधिकारियों को उम्मीद है कि इस बार कोई एजेंसी आगे आएगी और काम शुरू होगा।
काम शुरू न होने से सवाल उठ रहे
बार-बार टेंडर निकलने के बाद भी काम शुरू न होने से सवाल उठ रहे हैं। निगम दफ्तर की यह बिल्डिंग पिछले तीन सालों से लंबे समय से अधूरी पड़ी है। बिल्डिंग की छतें बरसात में टपकती हैं। वहीं कई हिस्सों से स्लैब के खिसने का भी खतरा है। हालांकि, बिल्डिंग नहीं बनने की वजह से निगम के कामकाज पर भी असर पड़ रहा है। अब देखना यह होगा कि 18 नवंबर को खुलने वाले टेंडर में कंपनियां दिलचस्पी दिखाती हैं या फिर यह प्रक्रिया एक बार फिर अटक जाती है।