सूतक के चलते सुबह से शाम तक नहीं होंगे दर्शन, आरती के बाद खुलेंगे द्वार
संवाद न्यूज एजेंसी
रायपुररानी। चंद्रग्रहण के मद्देनजर रायपुररानी स्थित प्राचीन माता समलासन देवी मंदिर के कपाट निर्धारित समय तक बंद रहेंगे। मंदिर प्रशासन ने बताया कि सूतक काल लगने के कारण श्रद्धालुओं के लिए दर्शन व्यवस्था अस्थायी रूप से स्थगित रहेगी।
मंदिर के पुजारी जितेंद्र मोहन शर्मा के अनुसार 3 मार्च को प्रातः 6:30 बजे से सूतक लग जाएगा, जिसके चलते मंदिर के द्वार बंद कर दिए जाएंगे। रात्रि 7:30 बजे आरती के उपरांत मंदिर के कपाट पुनः श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि चंद्रग्रहण दोपहर 3 बजकर 20 मिनट से सायं 6 बजकर 47 मिनट तक रहेगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ग्रहण काल के दौरान मंदिरों के कपाट बंद रखने की परंपरा है। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय का पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।