चेन्नई से आई टीम कर रही है काम, काम पूरा होने के बाद फिर शुरू होंगे ट्रायल
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। कालका रेलवे स्टेशन के पास खड़े तीन ट्रेन सेटों (सेल्फ प्रोपेल्ट हाइड्रोलिक मल्टीपल यूनिट) के मॉडिफिकेशन का काम जारी है। चेन्नई से आई इंजीनियरों की टीम ट्रेन सेटों में रेडिएटर के माध्यम से इंजन की कूलिंग क्षमता बढ़ाने का काम कर रही है ताकि सफर के दौरान इंजन गर्म न हो। कार्य पूरा होने के बाद इनका फिर ट्रायल किया जाएगा।
सेल्फ-प्रोपेल्ट हाइड्रोलिक मल्टीपल यूनिट एक प्रकार की आधुनिक और स्व-चालित ट्रेन है जो डीजल इंजन और हाइड्रोलिक ट्रांसमिशन का उपयोग करती है। यह पारंपरिक रेल मोटर कार का विकल्प है। इसका उपयोग मुख्य रूप से यात्री सेवाओं के लिए किया जाता है। कालका-शिमला रेलमार्ग पर इसका परीक्षण किया जा रहा है।
फरवरी 2023 में शुरू किए गए थे ट्रायल
इस ट्रेन सेट को फरवरी 2023 में कालका-शिमला रेलमार्ग पर ट्रायल के लिए उतारा गया था। 16 फरवरी 2023 को ट्रेन सेट का पहला ट्रायल किया गया था। उस दौरान सुबह 10:50 बजे ट्रेन सेट को कालका से शिमला के लिए रवाना किया था। आधा किलोमीटर की दूरी पर तकनीकी खराबी आने के चलते ट्रेन सेट आगे न बढ़ सका।
दूसरा ट्रायल 19 फरवरी 2023 को किया गया था। इस दौरान कालका से करीब 9:40 बजे ट्रेन सेट को कोटि के लिए रवाना किया गया, लेकिन इंजन गर्म होने से फिर सफर बाधित हुआ। इसके बाद ट्रेन सेट को टकसाल से वापस कालका भेज दिया गया।
दूसरा ट्रायल फेल होने के बाद ट्रेन सेट के साथ आई इंजीनियरों की टीम को उम्मीद थी की तीसरा ट्रायल सफल हो जाएगा। लेकिन तीसरे ट्रायल के दौरान ट्रेन सेट दस किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद ही हांफ गया था। इसके बाद भी ट्रेन सेट के कई ट्रायल किए गए थे लेकिन सफलता हासिल नहीं हो सकी थी।
कोट
चेन्नई से आई हुई टीम ट्रेन सेट पर काम कर रही है। काम पूरा होने के बाद ट्रायल किया जाएगा जिसके बाद आगे की प्रक्रियाएं पूरी होंगी।-नवीन कुमार, सीनियर डीसीएम अंबाला मंडल।