पंचकूला। विद्यार्थियों के लिए चलाए जा रहे दूरवर्ती शिक्षा कार्यक्रम में सुधार के लिए शिक्षा विभाग लगातार प्रयासरत है। शिक्षा कार्यक्रम को बेहतर बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने संबंधित विषय अध्यापक को रोजाना 20 विद्यार्थियों और अभिभावकों को फोन करने की बात कही गई है ताकि वे विद्यार्थियों के काम का अवलोकन कर सकें।
हरियाणा शिक्षा निदेशालय ने डीईओ को सर्कुलर भेजे हैं। डीईओ उर्मिल रोहिला ने बताया कि रोज 20 विद्यार्थियों और अभिभावकों को कॉल करने के निर्देश दिए गए हैं। इसे संबंधित अध्यापक और प्रिंसिपल करेंगे। फोन करके अप्रैल और मई में पढ़ाई के दौरान विद्यार्थियों के कार्य की समीक्षा की जाएगी। वहीं अगर किसी विद्यार्थी ने काम पूरा नहीं किया है तो उनके काम को पूरा कराने के लिए उन्हें अलग से गाइड भी किया जाएगा।
डीईओ उर्मिल रोहिल्ला ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से ऑनलाइन कराए गए काम की समीक्षा की जाएगी। विद्यार्थियों को सारे कंसेप्ट अच्छी तरह से क्लीयर होने चाहिएं, इसके लिए यह कदम उठाया गया है।