पर्स में 3000 रुपये, आई फोन, एक क्रेडिट कार्ड और दो डेबिट कार्ड थे
सेक्टर -5 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-9 की मार्केट में शाम 7:30 बजे खरीदारी करने गई महिला का पर्स छीनकर एक युवक भाग गया। कुछ दूर बाइक लेकर खड़े उसके साथी के साथ वह भाग रहा था, मगर बाइक का संतुलन बिगड़ने पर बाइक गिर गई। इस दौरान लोगों को आता देख दोनों स्नैचर बाइक को वहीं छोड़ भाग गए। छीने गए पर्स में 3000 रुपये, आई फोन, एक क्रेडिट कार्ड और दो डेबिट कार्ड थे। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और बाइक को कब्जे में ले लिया। सेक्टर-5 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-12ए निवासी रितु अग्रवाल ने बताया कि उसे घर के सामान की खरीदारी करनी थी। इसलिए वह सेक्टर-9 की मार्केट में कार से पहुंची थीं। जैसे ही उन्होंने फल खरीदने के लिए दुकान के पास गाड़ी रोकी और गाड़ी से उतरीं तो एक युवक आया और हाथ से पर्स छीन भाग गया। कुछ ही दूरी पर उसका साथी बाइक स्टार्ट किए हुए खड़ा था। पर्स छीनने वाला युवक उस बाइक पर बैठ गया और दोनों भागने लगे। महिला ने शोर मचाया तो लोग उनकी तरफ दौड़ने लगे। इसी दौरान हड़बड़ाहट में बाइक चला रहे युवक का संतुलन बिगड़ गया और उनकी बाइक गिर गई। लोग उनको पकड़ न लें, इस डर से दोनों अज्ञात बाइक को छोड़कर भाग गए। आरोपी पर्स साथ ले गए। महिला ने बताया कि पर्स में 3000 रुपये, आई फोन, एक क्रेडिट कार्ड और दो डेबिट कार्ड थे। शिकायत के आधार सेक्टर-5 थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।