चंडीगढ़। पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने पटियाला जिले से संबंधित दो अलग–अलग मामलों में पटियाला के एसपी और डीएसपी सिटी-1 को तलब किया है। आयोग के चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी ने बताया कि राम प्रसाद ने आयोग को शिकायत दी है कि उनका बेटा गुरतेज सिंह एक दुकान पर काम करता था।
13 दिसंबर 2025 वह काम पर गया था। उस दिन सुबह करीब 11 बजे उन्हें फोन आया कि गुरतेज सिंह की मृत्यु हो गई है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया। थाना सिविल लाइन पटियाला ने उनकी कोई सुनवाई नहीं की और धारा 174 के तहत कार्रवाई कर उन्हें अंतिम संस्कार करने के लिए कह दिया गया। जब उन्होंने बेटे के शव को देखा तो वह झुलसा हुआ था।
इस मामले में आयोग द्वारा पटियाला पुलिस को कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे लेकिन पुलिस द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी के चलते कार्रवाई करते हुए डीएसपी सिटी-1 पटियाला सतनाम सिंह को 14 जनवरी को तलब किया गया है।
उन्होंने बताया कि सुखदीप कौर द्वारा थानेदार बलजीत सिंह के खिलाफ पुलिस में दर्ज मामले में आयोग के निर्देशों के बावजूद कार्रवाई न करने के चलते पटियाला जिले की पंजाब ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन की एसपी स्वर्णजीत कौर को भी 14 जनवरी को तलब किया गया है।