पंचकूला। ट्राइसिटी में चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली एक दूसरे से जुड़े हैं। इससे मध्य मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। यहां सुबह, दोपहर और शाम को ट्रैफिक की समस्या गहराने लगी है। इस समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन कागजों पर धरातल पर कुछ नहीं हो रहा है।
बता दें कि चंडीगढ़ से मोहाली के लिए तो फिर भी नौ रास्ते हैं जबकि पंचकूला के लिए महज तीन ही रास्ते हैं। अगर समय रहते पंचकूला से मध्यमार्ग के बीच वाहनों के दबाव को कम करने के लिए पंचकूला से चंडीगढ़ को जोड़ने वाले वैकल्पिक रास्तों पर काम नहीं किया गया तो आने समय में हाउसिंग बोर्ड से सेक्टर-26 मध्य मार्ग तक जीरकपुर फ्लाईओवर के नीचे लगने वाले जाम के जैसे हालात हो जाएंगे।
प्रोजेक्ट नंबर एक
चंडीगढ़ प्रशासन ने औद्योगिक क्षेत्र से मौली जागरां चौक के साथ पंचकूला के सेक्टर-17/18 को कनेक्ट करने के लिए रेलवे लाइन के दोनों तरफ डिवाइडर वाली सड़क बनाने का काम पूरा कर लिया है। इस रोड पर स्ट्रीट लाइट तक लगाई जा चुकी है, लेकिन बीच में रेलवे लाइन होने से दोनों तरफ रोड आपस में कनेक्ट नहीं हो पा रहे। यह आरयूबी रेलवे को ही विकसित करना है। रेलवे ने अपने नए रेलोपालिश प्रोजेक्ट के साथ ही आरयूबी भी विकसित करना है, लेकिन अब रेलवे का यह प्रोजेक्ट ही अधर में है। कब तक शुरू होगा, इसका जवाब किसी के पास नहीं है।
प्रोजेक्ट नंबर दो
माता मनसा देवी कांप्लेक्स स्थित सेक्टर-5बी और सेेटर-6 के बीच अंडरपास बनाने की प्लानिंग भी अधर में लटक गया है। बनने वाले अंडरपास का साइज बढ़ रहा था। रेलवे ने अतिरिक्त खर्च वहन करने के लिए एचएसवीपी को पत्र लिखा था। अभी एचएसवीपी की तरफ से रेलवे को कोई जवाब नहीं मिला है। इसके चलते प्रोजेक्ट से जुड़ा आगे का काम शुरू नहीं हो पाया है। 40 करोड़ की लागत से 12 मीटर लंबा रेलवे अंडरपास का रास्ता चंडीगढ़ के मनीमाजरा स्थित स्टेडियम के पास खुलेेगा।
यह रास्ता चंडीगढ़ सेक्टर-6 के गवर्नर हाउस के पास जाकर मिलेगा। अभी सेक्टर-5बी के लिए कोई रास्ता नहीं है। इस अंडरपास के निर्माण से माता मनसा देवी मार्ग पर नवरात्र के दिनों में लगने वाले जाम से भी लोगों को राहत मिल जाएगी। जिन्हेें एमडीसी के रास्ते चंडीगढ़ जाना होगा, वे इस रेलवे अंडरपास के रास्ते चंडीगढ़ आसानी से निकल जाएंगे।
प्रोजेक्ट नंबर तीन
पंचकूला और चंडीगढ़ को एक अतिरिक्त मार्ग देने के लिए कलाग्राम के पीछे से एक रास्ता औद्योगिक क्षेत्र फेस-1 से निकाला जाना था, इसको लेकर कई बार बैठक भी हुई। यह प्रोजेक्ट अब तक रफ्तार नहीं पकड़ पाया है। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से पंचकूला के लोगों को हाउसिंग बोर्ड से कलाग्राम के बीच सुबह और शाम के वक्त लगने वाले जाम से निजात मिलेगी।
कोट
अभी हाल ही में अंबाला मंडल का कार्यभार संभाला है। कुछ प्रोजेक्ट मेरे संज्ञान में नहीं हैैं। इसकी जांच के बाद अधूरे प्रोजेक्टों की फिजिबिलिटी के अनुसार काम शुरू कराया जाएगा। - एमएस भाटिया, डीआरएम, अंबाला डिवीजन।