पिंजौर। पिंजौर थाने से भागे दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पिंजौर थाने में 10 जुलाई 2024 को दर्ज पॉक्सो एक्ट के मामले में 15 वर्षीय नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोपी को 18 जुलाई को असम के कोकराझार क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। आरोपी को 22 जुलाई को अदालत में पेश किया गया था, जहां से उसका छह दिन का पुलिस रिमांड मिला था।
आरोपी 25 जुलाई की सुबह थाना पिंजौर की हवालात से ड्यूटी पर तैनात संतरी को चकमा देकर छत से कूदकर फरार हो गया था। घटना के बाद डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने कड़ा संज्ञान लेते हुए ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर संतरी को तत्काल सस्पेंड कर विभागीय जांच शुरू की। थाना पिंजौर प्रभारी इंस्पेक्टर बच्चू सिंह ने विशेष टीम गठित कर अलग-अलग स्थानों पर लगातार छापेमारी की। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरा आदि से जानकारी जुटाकर आरोपी की तलाश शुरू और 24 घंटे के भीतर आरोपी को शनिवार सुबह पिंजौर क्षेत्र के टिब्बी गांव से काबू कर लिया।
कोट...
इस मामले कहीं न कहीं पुलिस से चूक हुई थी और मामले में फरार आरोपी को पकड़ना हमारे लिए चुनौती भी था। लेकिन टीम की तत्परता के चलते आरोपी को फिर से 24 घंटे के भीतर काबू कर लिया गया है।-सृष्टि गुप्ता, डीसीपी