खंड शिक्षा अधिकारी के कार्यालय के पास होने के बावजूद नहीं हो रही गेट की मरम्मत
संवाद न्यूज एजेंसी
रायपुररानी। राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रायपुररानी में चार साल से स्कूल का नया गेट बंद पड़ा है, जिसे लाखों रुपये की लागत से बनाया गया था। जंग खाए इस गेट के चारों ओर उगी घास इसकी दुर्दशा को बयां कर रही है। यह गेट खंड शिक्षा अधिकारी के कार्यालय के पास होने के बावजूद मरम्मत नहीं की गई है, जिससे प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं।
लोगों का कहना है कि पुराने गेट का उपयोग रोज हजारों बच्चे करते हैं, जो सीधे व्यस्ततम देहरादून-पंचकूला स्टेट हाईवे पर खुलता है। भारी ट्रैफिक के कारण बच्चों की सुरक्षा पर हमेशा खतरा बना रहता है। अभिभावक इस स्थिति को लेकर चिंतित हैं, क्योंकि नए गेट के बंद होने से बच्चों की जान जोखिम में पड़ रही है।
प्राचार्य सरोज देवी के अनुसार, गेट का निर्माण उनके पदभार ग्रहण करने से पहले हुआ था और 2022-23 में उन्होंने गेट के रास्ते को पक्का करने की कोशिश की थी। हालांकि पंचकूला के एसडीएम और पंचायत विभाग के एक्सईएन ने उनकी फाइल को रोक दिया और साइन करने से मना कर दिया।
शौचालयों की स्थिति चिंताजनक
स्कूल परिसर में शौचालयों की हालत दयनीय है। टूटी पाइप लाइन, गंदगी और सफाई की कमी के कारण शौचालय इस्तेमाल के लायक नहीं बचे हैं। इन हालात से छात्रों में काफी निराशा है। शौचालयों में बीड़ी और सिगरेट गिरे मिले हैं। स्कूल के प्रबंधकों की लापरवाही इस मामले में साफ दिखाई देती है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य और स्वच्छता पर सीधा असर पड़ रहा है।
कोट
स्कूल के दूसरे गेट के रास्ते के निर्माण के लिए बजट विभाग को भेज दिया है। शौचालय में रोज सफाई करवाई जा रही है किंतु बाहरी व बीईओ कार्यालय में आने वाले लोग बीड़ी-सिगरेट पीते हैं, उन्हें हम कैसे रोकें। - सरोज देवी, प्रिंसिपल रायपुररानी स्कूल