माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के सिंथेटिक ट्रैक पर इन दिनों खिलाड़ियों के बजाय जेसीबी मशीन और ट्रक दौड़ते दिख रहे हैं। स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में हरियाणा पुलिस की पासिंग आउट परेड की तैयारियां चल रही हैं।
हालात ये हैं कि सिंथेटिक ट्रैक के किनारे लगीं जालियां काट दी गई हैं। यही नहीं जगह-जगह से मैदान भी खोद दिया है। चार साल पहले बने इस आठ लेन वाले 400 मीटर के सिंथेटिक ट्रैक की लागत करीब साढ़े आठ करोड़ रुपये आई थी। पासिंग आउट परेड के बाद ग्राउंड को दोबारा करोड़ों रुपये खर्च कर बनाया जाएगा।
24 दिसंबर को होने वाले कार्यक्रम के लिए करीब 70 हजार वर्ग फीट का स्टेज तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम में लगभग 25 हजार लोग और 5 हजार पुलिस जवान शामिल होंगे। इसी कारण 19 से 24 दिसंबर तक खिलाड़ियों का कांप्लेक्स में प्रवेश रोक दिया गया है। इससे नेशनल प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों की प्रतिभा पर संकट छा गया है। मौजूदा हालात रहे तो ट्रैक का अस्तित्व खतरे में पड़ सकता है। ट्रैक के कई हिस्से घिसने लगे हैं। इससे अभ्यास पर सीधा असर पड़ रहा है।
मैदान में चल रही तैयारियों के कारण जिमनास्टिक ग्राउंड की जाली पूरी तरह काट दी गई है। साथ ही हैंडबॉल और फुटबॉल के उपकरणों को भी बाहर रखवा दिया गया है। इससे विभिन्न खेलों के खिलाड़ी अभ्यास नहीं कर पा रहे हैं। पासिंग आउट परेड की तैयारियों के लिए स्टेडियम में पेंट कर टूटी दीवारों व छत को छिपाने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान जेसीबी मशीन के इस्तेमाल से ट्रैक के कई हिस्से उखड़ गए हैं। इससे भविष्य में खिलाड़ियों की प्रैक्टिस और भी मुश्किल हो सकती है।
खिलाड़ी और कोच परेशान
शनिवार को पासिंग आउट परेड की रिहर्सल के दौरान मैदान में भारी हलचल रही। खेल विभाग, प्रशासन और हरियाणा पुलिस कारपोरेशन की ओर से जिम्नास्टिक ग्राउंड में तैयारियां की गईं। ट्रैक पर भारी सामान रखा गया। लोहे से बने स्टेज से कई जगह ट्रैक को नुकसान पहुंचने का खतरा बना है। पुलिस के अनुसार 24 दिसंबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह यहां होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। पूरे घटनाक्रम से खिलाड़ी और कोच परेशान हैं। हालांकि वे इस मुद्दे पर मीडिया से खुलकर बोलने से बचते नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि यदि हालात ऐसे ही रहे तो आने वाले दिनों में प्रशिक्षण सत्रों में और बाधा आएगी।
कोट
जिम्नास्टिक ग्राउंड पर मीटिंग के बाद ग्रिल उखाड़ने का फैसला लिया है। कार्यक्रम के बाद स्टेडियम को फिर से सही तरीके से तैयार किया जाएगा और सभी उपकरण वापस लगाए जाएंगे। -पार्थ गुप्ता, खेल निदेशक, हरियाणा खेल विभागं