एचएसवीपी से परिसंपत्तियां हस्तांतरित करने पर आज होगी अहम बैठक, अगले सप्ताह तक नई व्यवस्था लागू होने की उम्मीद
सेक्टर-1 से 21 तक सीवरेज, पेयजल और स्टॉर्म वाटर सिस्टम निगम के अधीन आएंगे
घग्गर पार के नौ सेक्टरों में सड़क, पार्क और सफाई की जिम्मेदारी भी नगर निगम को मिलेगी
दीपक शाही
पंचकूला। पंचकूला में नागरिक सुविधाओं के प्रबंधन में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। शहर के सेक्टर-1 से 21 तक सीवरेज, पेयजल और स्टॉर्म वाटर सिस्टम की जिम्मेदारी हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) से नगर निगम को सौंपी जाएगी। इसके साथ ही घग्गर पार के नौ सेक्टरों में सड़क, पार्क, सफाई और जल निकासी व्यवस्था की पूरी कमान भी नगर निगम के हाथों में होगी। इस संबंध में मंगलवार को एचएसवीपी और नगर निगम अधिकारियों की अहम बैठक होगी। सब कुछ तय योजना के अनुसार रहा तो अगले सप्ताह तक नई व्यवस्था लागू हो सकती है।
एचएसवीपी ने परिसंपत्तियों के हस्तांतरण से संबंधित दस्तावेज तैयार कर लिए हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित सेक्टरों की देखरेख, संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी नगर निगम संभालेगा। हालांकि सेक्टर-5 को एचएसवीपी अपने पास रखेगा, क्योंकि यह प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है।
बढ़ेगी नगर निगम की जिम्मेदारी
नई व्यवस्था लागू होने के बाद नगर निगम की जिम्मेदारी काफी बढ़ जाएगी। शहर के लोगों का कहना है कि निगम पहले से ही कर्मचारियों और तकनीकी संसाधनों की कमी से जूझ रहा है। ऐसे में सीवरेज और पेयजल जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं का अतिरिक्त भार संभालना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। स्थानीय निवासी संदीप सोही का कहना है कि पर्याप्त तकनीकी स्टाफ और संसाधन उपलब्ध कराए बिना जिम्मेदारी हस्तांतरित करने का असर आम नागरिकों पर पड़ सकता है। उनका मानना है कि व्यवस्था परिवर्तन से पहले निगम की क्षमता बढ़ाना जरूरी है।
घग्गर पार के नौ सेक्टरों को होगी राहत की उम्मीद
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत सेक्टर-1, 3, 23, 24, 27, 28, 31 और एमडीसी-6 सहित संबंधित क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, पार्कों के रखरखाव और स्टॉर्म वाटर सिस्टम का संचालन नगर निगम करेगा। इन क्षेत्रों में विकास कार्यों की निगरानी भी निगम के जिम्मे होगी।
घग्गर पार के निवासियों ने इस बदलाव का स्वागत किया है। स्थानीय निवासी पुष्पा सिंहरोहा का कहना है कि नगर निगम के अधीन आने से सफाई व्यवस्था में सुधार होगा, पार्कों का रखरखाव बेहतर होगा और लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को गति मिलेगी।
अगले सप्ताह तक पूरी हो सकती है प्रक्रिया
आज होने वाली इंजीनियरिंग विंग की बैठक में परिसंपत्तियों के हस्तांतरण, जिम्मेदारियों के बंटवारे और संचालन व्यवस्था पर अंतिम सहमति बनने की संभावना है। इसके बाद अगले सप्ताह तक नगर निगम औपचारिक रूप से नई जिम्मेदारियां संभालना शुरू कर सकता है। इससे शहर में नागरिक सुविधाओं के संचालन का पूरा ढांचा बदल जाएगा और नगर निगम की जवाबदेही भी बढ़ जाएगी।
कोट
सेक्टर-1, 3, 23, 24, 27, 28, 31 और एमडीसी-6 सहित संबंधित क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत और स्टॉर्म वाटर सिस्टम का जिम्मा नगर निगम के पास होगा। वहीं सेक्टर-1 से 21 तक सीवरेज, पेयजल और स्टॉर्म वाटर सिस्टम को एचएसवीपी से नगर निगम के पास लेने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अगले सप्ताह तक यह प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है।
- विनय कुमार, आयुक्त, नगर निगम पंचकूला