रायपुररानी को उपमंडल का दर्जा देने और विकास को रफ्तार देने के संकल्प पर जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
रायपुररानी। बीडीपीओ कार्यालय परिसर में मंगलवार को सेवा एवं सुशासन संकल्प समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा और कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा मौजूद रहीं। इस दौरान क्षेत्र के विकास, बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और जनसेवा के संकल्प पर जोर दिया गया।
सांसद कार्तिकेय शर्मा ने ककराली-टोड़ा सड़क, टोड़ा पुलिया, बडौना कलां-समलेहरी सड़क और स्थानीय कॉलेज में तीन नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत जैसे विकास कार्यों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि रायपुररानी को उपमंडल का दर्जा दिलाने की मांग विधानसभा में प्रमुखता से उठाई जा रही है। साथ ही, नमो शक्ति रथ के माध्यम से एआई तकनीक से महिलाओं की निःशुल्क ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग की जानकारी भी दी गई।
विधायक शक्ति रानी शर्मा ने कहा कि कालका विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है और कोई भी गांव विकास से अछूता नहीं रहेगा। कार्यक्रम के अंत में सांसद और विधायक ने 120 से अधिक लोगों की शिकायतें सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनका समयबद्ध समाधान करने के कड़े निर्देश दिए।