-घटना वाले दिन पिता ने दोबारा डिलीट कराया, पूछते रहे बच्ची को क्यों मारा तो जवाब मिला- पता नहीं कैसे हो गया
-कक्षा में अलग-थलग रहता था बच्चा, पड़ोसियों ने कभी आक्रामक व्यवहार नहीं देखा सप्ताहभर पहले एथलेटिक्स में लिया था हिस्सा
दीपक शाही
पंचकूला। छह साल की बच्ची पर ईंट से हमले के मामले में आठ वर्षीय छात्र के मोबाइल गेम खेलने से जुड़ी नई जानकारी सामने आई है। परिजनों ने करीब डेढ़ महीने पहले उसके मोबाइल से फ्री फायर गेम डिलीट करवा दिया था, लेकिन बच्चा गेम खेलने की इच्छा नहीं छोड़ पाया। उसने वारदात से दो दिन पहले पड़ोस में रहने वाली एक महिला की मदद से हॉटस्पॉट के जरिये मोबाइल में दोबारा गेम डाउनलोड कर लिया था। हालांकि, हमले के पीछे मोबाइल गेम की भूमिका अभी जांच का विषय है।
घटना वाले दिन पिता को मोबाइल में गेम दोबारा डाउनलोड होने का पता चला तो उन्होंने उसे फिर डिलीट करवा दिया। इसके बाद पिता बेटे से लगातार पूछते रहे कि उसने बच्ची को क्यों मारा, लेकिन बच्चा यही कहता रहा कि उसे नहीं पता कि ऐसा कैसे हो गया और उसे कुछ याद नहीं है।
बच्चे की मां के मुताबिक, घटना वाले दिन बेटा काफी खुश था। उन्होंने बताया कि उन्होंने पहली बार उसे इतना खुश देखा था। वह घर से जाते समय बाय भी करके गया था। मां ने कहा कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि इतना बड़ा हादसा हो जाएगा।
कक्षा में अलग रहता था, खेल गतिविधियों में थी रुचि
बच्चे की शिक्षिका के अनुसार, वह कक्षा में दूसरे विद्यार्थियों से अलग-थलग रहता था। उसे पिछली सीट पर बैठना पसंद था और पढ़ाई में भी उसका प्रदर्शन अच्छा नहीं था। हालांकि, उसके व्यवहार में ऐसी कोई असामान्य बात नजर नहीं आई थी, जिससे इस तरह की घटना का अंदेशा होता।
वहीं, पड़ोस में रहने वाली महिला ने बताया कि गली में सात-आठ बच्चे एक साथ खेलते थे और वह भी उनके साथ खेलता था। उन्होंने कभी उसे आक्रामक व्यवहार करते नहीं देखा। घटना से करीब एक सप्ताह पहले ही माता-पिता ने उसका स्कूल की नर्सरी में एथलेटिक्स गतिविधियों के लिए दाखिला करवाया था। बच्चे को दौड़ना पसंद था।
-स्कूल के 20 कर्मचारियों में से आठ सेमिनार में गए थे, बाकी 12 शिक्षकों के जिम्मे थे करीब 700 बच्चे
घटना के दिन स्कूल के कुल 20 कर्मचारियों में से आठ सेमिनार में शामिल होने गए थे। ऐसे में बाकी 12 शिक्षकों के जिम्मे करीब 700 बच्चे थे। इससे स्कूल में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। यह भी जांच का विषय है कि सेमिनार में गए कर्मचारियों की अनुपस्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था की गई थी या नहीं और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त निगरानी थी या नहीं।
जीएमसीएच-32 में आज होगी बच्चे की काउंसलिंग
आठ वर्षीय बच्चे की काउंसलिंग चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित जीएमसीएच में सोमवार को होगी। मनोरोग विभाग के डॉक्टरों का पैनल उसके व्यवहार और घटना के संभावित कारणों को समझने का प्रयास करेगा। इस दौरान माता-पिता भी मौजूद रहेंगे। पुलिस पारिवारिक माहौल, बच्चे के व्यवहार और मोबाइल इस्तेमाल सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।