पंचकूला/ रामगढ़। नगर निगम पंचकूला के मेयर कुलभूषण गोयल ने वार्ड नंबर 19 और 20 में करीब सात करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। मेयर ने गांव जसवंतगढ़ में कंक्रीट ड्रेनेज निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। वहीं गांव अलीपुर में 1.75 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली फिरनी रोड और कंक्रीट ड्रेनेज के कार्य की शुरुआत की गई। इसके साथ ही अलीपुर में निर्माणाधीन एमआरएफ सेंटर का निरीक्षण कर कार्य प्रगति की समीक्षा की। इसके अलावा गांव जलौली में 1.58 करोड़ रुपये की लागत से फिरनी रोड और कंक्रीट ड्रेनेज निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया। जलौली में ही कंस्ट्रक्शन एंड डेमोलिशन वेस्ट प्लांट की बाउंड्री वॉल के निर्माण कार्य का भी शुभारंभ हुआ। इस मौके पार्षद परमजीत कौर, सलीम खान, राकेश वाल्मिकी, जय कौशिक, सोनू बिडला, सतबीर चौधरी, भाजपा उपाध्यक्ष उमेश सूद सहित अन्य उपस्थित रहे।