एमडीसी-6 से रेगुलेटरी एंड तक सड़क निर्माण अंतिम चरण में, जाम से मिलेगी राहत
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। एमडीसी सेक्टर-6 से सुखना झील के रेगुलेटरी एंड तक पहुंचने की राह अगले दो माह में आसान हो जाएगी। 4.65 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सड़क का निर्माण अंतिम चरण में है। परियोजना पूरी होने के बाद वाहन चालक डॉल्फिन चौक से सुखना झील तक करीब पांच मिनट में पहुंच सकेंगे और जाम से राहत मिलेगी।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की ओर से 1085 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। परियोजना में अब केवल एक पुलिया का निर्माण शेष है। अधिकारियों के अनुसार एक-दो दिन में पुलिया का लेंटर डाल दिया जाएगा, जिसके बाद बिटुमिन बिछाने का कार्य शुरू होगा। निर्माण कार्य पूरा होने में करीब 60 दिन लगेंगे।
सड़क बनने से पंचकूला और चंडीगढ़ के बीच रोजाना आवाजाही करने वाले हजारों वाहन चालकों को फायदा मिलेगा। इससे यात्रा का समय कम होगा और ट्रैफिक दबाव भी घटेगा।
60 मीटर चौड़ी होगी सड़क
एमडीसी सेक्टर-6 के डॉल्फिन चौक से करीब 350 मीटर आगे से शुरू होकर एमडीसी सेक्टर-2 और 7 के बीच डिवाइडिंग रोड के रूप में यह सड़क विकसित की जा रही है। परियोजना के तहत दोनों ओर 12.5-12.5 मीटर चौड़ी मुख्य सड़क और 5.5-5.5 मीटर चौड़ी सर्विस रोड बनाई जा रही है। सड़क की कुल चौड़ाई करीब 60 मीटर होगी।
हाईकोर्ट के स्टे से रुका था काम
एचएसवीपी ने 27 फरवरी को इस परियोजना का टेंडर आवंटित किया था। इससे पहले भूमि अधिग्रहण और हाईकोर्ट से मिले स्टे के कारण निर्माण कार्य लंबे समय तक रुका रहा। स्टे हटने के बाद अब काम तेजी से चल रहा है और अगले दो माह में सड़क पूरी होने की उम्मीद है।