पंचकूला। शादी का दबाव बनाने पर युवती काम पर जाने के बाद घर नहीं लौटी। सेक्टर-14 पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में इंदिरा कॉलोनी निवासी ने बताया कि उसकी तीन बेटियां हैं। एक बेटी चंडीगढ़ सेक्टर-17 में एक प्राइवेट फर्म में नौकरी करती है। उसने अपनी बेटी से शादी करने के लिए कहा तो वह तैयार नहीं हुई।
10 फरवरी को ऑफिस जाने के बाद युवती वापस नहीं लौटी। बाद में उसका फोन भी बंद आया। युवती के पिता ने कंपनी के मालिक को फोन किया तो पता चला कि उसकी बेटी 10 फरवरी को काम पर नहीं पहुंची थी। इस पर युवती के पिता ने अपना फोन चेक किया तो बेटी ने अपने हस्ताक्षर किए शपथ पत्र की फोटो भेज रखी है। उसने लिखा है कि वह शादी की बात से तंग आ गई है।
उसे अभी शादी नहीं करनी है। वह दूसरी जगह जा रही है। वह खुद ही अपने पिता सहित परिजनों को फोन करेगी। इसके बाद भी युवती का कोई फोन नहीं आया और उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। सेक्टर-14 थाना प्रभारी राजीव मिगलानी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।