- आज डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे श्रद्धालु, छठ पूजा को लेकर कालका में तैयारियां पूरी
- पूजा घाटों पर दिखेगा श्रद्धा, भक्ति और लोक संस्कृति का सुंदर संगमफोटो सहित
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर कालका शहर में धार्मिक माहौल बनने लगा है। महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं और विभिन्न आयोजक समितियों की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। छठ व्रतियों की सुविधा और पूजा-अर्चना के लिए शहर में जगह-जगह पूजा घाट तैयार किए गए हैं। घाटों की साफ-सफाई, सजावट और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है।
कालका में खेड़ा सीताराम, कालका पुलिस स्टेशन के समीप, टिपरा-कांगूवाला और रेलवे इंस्टीट्यूट में विशेष रूप से छठ पूजा घाट बनाए गए हैं। इन स्थानों पर श्रद्धालु अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे। पूजा घाटों को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं, व्रत रखने वाले परिवारों में भी पर्व को लेकर विशेष उत्साह है। घरों में पूजा की तैयारियां की जा रही हैं। रविवार से कालका में विभिन्न स्थानों पर बनाए गए पूजा घाटों पर छठ पर्व के दौरान श्रद्धा, भक्ति और लोक संस्कृति का सुंदर संगम देखने को मिलेगा।