मोरनी। लोगों को हरियाली बचाने के नाम पर जागरूक करने वाला वन विभाग खुद ही जंगल की हरियाली को नुकसान पहुंचाने में लगा है। खाटी गांव में डैम के निर्माण का मैटीरियल साइट तक पहुंचाने के लिए बनाए रास्ते में आने वाले कई पेड़ काट व उखाड़ दिए गए। वहीं, नाम न छापने की शर्त पर कुछ लोगों ने बताया कि अगर वन विभाग के उच्च अधिकारी जांच करें तो काम में अनियमितताएं बडे़ स्तर पर बरती गई हैं। उनका भी खुलासा हो सकता है।
मामले में दोषी लोगों पर कार्रवाई करने की बजाए वन रेंज अधिकारी ठेकेदार का पक्ष लेते दिख रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर अधिकारियों ने मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की तो वह पर्यावरण कोर्ट में शिकायत करने के लिए मजबूर होंगे। लोगों ने बताया कि इलाके में जिस भी जगह वन विभाग के ठेकेदार काम करते हैं वहां पर खुलकर सरकारी नियमों की धज्जियां उड़ाई जाती हैं। इस पर कार्रवाई करने की बजाय हर बार लीपापोती की जाती है।
कोट..
रास्ता निकालते वक्त किसी भी पेड़ को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया है। वहीं, अधिकारी भी जल्द मौके का जायजा लेंगे।
-राजीब कंबोज, वन राजिक अधिकारी