पंचकूला। सेक्टर-17 के अंतर्गत आने वाली इंदिरा कॉलोनी में नाले के ऊपर बने मकान का फर्श और काफी सामान बारिश के पानी के साथ बह गया। हादसा वर्षों पुराने बरसाती नाले का लेंटर टूटने से हुआ। गनीमत रहा कि हादसे की भनक परिजनों को पहले ही लग गई थी और समय रहते परिवार वहां से निकल कर दूसरी जगह चला गया। इस मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर मदद की मांग की है। विधानसभा अध्यक्ष ने हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया है।
इंदिरा कॉलोनी निवासी मुकेश ने बताया कि वह परिवार के साथ करीब 25 साल से मकान में रहते हैं। उन्हें इस बात की बिल्कुल जानकारी नहीं थी कि उनका मकान नाले के ऊपर बना है। बुधवार रात में बारिश का पानी आने से भूमिगत नाला ओवरफ्लो हो गया और फर्श की मिट्टी धंसने लगी। उन्होंने बताया कि नाले में से पानी की आवाज सुनकर परिवार चौकन्ना हो गया और सामान को बाहर निकालने लगा। जब तक पूरा सामान बाहर निकालते नाला टूट गया और फर्श की मिट्टी बह गई। मुकेश कुमार ने बताया कि इस नाले में सेक्टर-16 का सारा पानी निकलता है। उधर, घटना की सूचना मिलते ही वार्ड नंबर-7 की पार्षद उषा रानी और नगर निगम कर्मचारी समेत कई लोग मौके पर पहुंचे।
वर्षों पुराना है भूमिगत नाला: उषा रानी (फोटो सहित)
वार्ड नंबर-7 की पार्षद उषा रानी ने बताया कि सेक्टर-16 से आने वाला नाला वर्षों पुराना है। इस तरह का हादसा पहली बार नहीं हुआ है। सन 2015 में भी नाले का लेंटर टूटने से घटना हुई थी। लेकिन कुछ दिन बाद ही नाले को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने ठीक करवा दिया है। उन्होंने नाले को ठीक करवाने के लिए नगर निगम और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों से बात की, लेकिन अधिकारी एक-दूसरे पर टालने में लगे हैं। उन्होंने मांग की है कि अभी तो एक ही परिवार के सामान का नुकसान हुआ है। यदि समय रहते नाले की हालात को दुरुस्त नहीं किया गया तो बड़ा हादसा हो सकता है।
हादसे को लेकर मेयर से की मुलाकात: राम प्रसाद (फोटो सहित)
राजीव-इंदिरा कालोनी लेबर वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव डॉ. राम प्रसाद का कहना है कि इस मामले को लेकर शुक्रवार को पंचकूला नगर निगम के मेयर कुलभूषण गोयल से मुलाकात की और उन्होंने पूरी स्थिति से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि मेयर कुलभूषण गोयल का कहना था कि इंदिरा कालोनी अवैध है और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अंतर्गत आती है। जिसके चलते वहां भूमिगत नाले को ठीक करने की जिम्मेदारी हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की है।
एचएसवीपी की जमीन पर बनी है कॉलोनी: मेयर (फोटो सहित)
मेयर कुलभूषण गोयल का कहना है कि राजीव-इंदिरा कॉलोनी हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की जमीन पर बनी है। नाले की साफ-सफाई की जिम्मेदारी भी संबंधित विभागीय अधिकारियों की है। नगर निगम का इससे दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं है। यह मामला वीरवार को डिजास्टर मैनेजमेंट की हुई बैठक में भी उठ चुका है। समस्या को हल करने के लिए अधिकारियों को प्रशासन द्वारा निर्देश जारी किए गए हैं।