पिंजौर। बिटना रोड पर स्थिति लेखराम कॉलोनी के एक तालाबंद घर से चोर लाखों रुपए की ज्वेलरी चोरी कर ले गए। चोरों ने घर में सेंधमारी करने से पहले कॉलोनी की रेकी की। इसके बाद मौका देख कर देर रात चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
शिकायतकर्ता भुवनेश ठाकुर निवासी लेखराम कॉलोनी ने बताया कि वे किसी जरूरी काम से हिमाचल प्रदेश स्थिति अपने गांव में गए थे। मंगलवार को जब वे दोपहर बारह बजे वापस अपने घर लेखराम कॉलोनी पहुंचे तो देखा कि घर का मुख्य गेट बंद था।
जब वे अंदर पहुंचे तो देखा कि घर का दरवाजा टूटा हुआ था। घर के अंदर का सारा सामान बिखरा हुआ था और अलमारी में रखी गोल्ड एवं डायमंड की ज्वेलरी गायब थी। उन्होंने बताया कि करीब 7 लाख रुपए का सामान चोर ले गए। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर अपनी जांच शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी ओर कॉलोनीवासी एक व्यक्ति बताया कि कॉलोनी में लगे एक सीसीटीवी फुटेज में देखने से पता लग रहा है कि आरोपियों ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। एक आरोपी गली में निगरानी कर रहा था जबकि दो आरोपियों ने घर के अंदर घुस कर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी घर के मुख्य गेट के ऊपर से चढ़कर घर के अंदर दाखिल हुए हैं।