जान जोखिम में डालकर जाते बाइक सवार।
प्रशासन के इंतजाम नाकाम, मजबूरी या लापरवाही में जोखिम उठा रहे वाहन चालक
संवाद न्यूज एजेंसी
बरवाला। मौली पुलिस चौकी से नेशनल हाईवे को जोड़ने वाले मार्ग पर स्थित टांगरी नदी का जर्जर पुल बंद किए जाने के बावजूद भी वाहनों की आवाजाही नहीं रुक पा रही है। प्रशासन द्वारा मिट्टी, पत्थर, लोहे के ड्रम और पेड़ लगाकर रास्ता बंद करने के प्रयास किए गए, लेकिन दोपहिया चालक किसी न किसी तरह रास्ता बनाकर गुजर रहे हैं।
दुर्गम और खतरनाक रास्ते से गुजरते समय वाहन चालक अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। ऐसे हालात में इसे मजबूरी कहा जाए या लापरवाही, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।
क्षेत्र के लोगों में पुल के निर्माण कार्य शुरू न होने को लेकर रोष है। पूर्व सरपंच लक्ष्मण बतौड़, गुरजीत सिंह, हेम सिंह राणा समेत अन्य लोगों ने कहा कि तीन महीने बाद बरसात का मौसम आने वाला है, ऐसे में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
पुल बंद होने से लोगों को रिहौड़ लिंक रोड से होकर करीब 8 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इस मार्ग पर बढ़ते यातायात के कारण हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों ने सरकार और प्रशासन से जल्द पुल निर्माण शुरू कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।