फसल खराब होने की शिकायत पर डीसी ने मांगी रिपोर्ट
समाधान शिविर में खेतों में पानी भरने और अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतों पर अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश
जिला सचिवालय में आयोजित शिविर में 10 शिकायतों की सुनवाई
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। समाधान शिविर में खेतों में पानी भरने से फसल खराब होने की शिकायत पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिला सचिवालय सभागार में आयोजित शिविर में उपायुक्त ने विभिन्न विभागों से संबंधित 10 शिकायतों की सुनवाई कर उनके प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश दिए।
गांव जीया के एक ग्रामीण ने कृषि भूमि में पानी आने से फसल खराब होने और खेतों को नुकसान से बचाने के लिए डंगा बनवाने की मांग उठाई। वहीं रायपुररानी निवासी ने खेतों में बाहर से गंदा पानी आने की शिकायत दी, जिस पर भी अधिकारियों को मौके का मुआयना कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सेक्टर-12 निवासी ने एचएसवीपी की भूमि पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत रखी। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारी को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।