पंचकूला। सेक्टर-4 स्थित नगर निगम के समाधान शिविर में सोमवार सुबह दस बजे एक भी अधिकारी मौजूद नहीं था। शिविर में समाधान के लिए पहुंचे सेक्टर-19 निवासी देवराज शर्मा ने मौके से ही डीसी मोनिका गुप्ता को फोन कर दिया। मामला संज्ञान में आते ही डीसी मोनिका गुप्ता ने नगर निगम के अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई।
महज 15 से 20 मिनट के भीतर नगर निगम ज्वाइंट कमिश्नर, डीएमसी और एक्सईएन मौके पर पहुंचे। डीसी मोनिका गुप्ता ने नगर निगम कमिश्नर को आदेश दिए कि मंगलवार से वह खुद नगर निगम कार्यालय में लोगों की समस्याएं सुनेंगी। दरअसल सबसे पहले पंचकूला निवासी अनु सुबह 10 बजे अपनी शिकायत लेकर पहुंची थी।
जहां समस्या के समाधान के लिए मौके पर अधिकारी नहीं मिले। इसके बाद करीब 11 बजे सेक्टर-19 निवासी देवराज शर्मा भ्रष्टाचार और अतिक्रमण की शिकायत लेकर पंचकूला सेक्टर-4 के नगर निगम कार्यालय में आयोजित समाधान शिविर में पहुंचे। सुबह करीब 11:11 बजे मामला डीसी के संज्ञान में आया। 11:30 बजे तक सभी अधिकारी मौके पर पहुंच गए। आठ में से महज दो शिकायतों में सेक्टर-19 और अभयपुर में होने वाले अतिक्रमण में समाधान का आश्वासन मिला।