पीडब्ल्यूडी और वन विभाग की खींचतान में अटका 400 मीटर सड़क निर्माण
संवाद न्यूज़ एजेंसी
बरवाला। बरवाला से भरेली जाने वाले सड़क मार्ग पर किसान मैरिज पैलेस के नजदीक करीब 400 मीटर सड़क का निर्माण पीडब्ल्यूडी और वन विभाग के बीच आपसी तालमेल की कमी के चलते अधर में लटका हुआ है। सड़क का यह हिस्सा टूटा होने के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार यहां आए दिन वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।
भरेली निवासी जसवीर सिंह, दलजीत सिंह, बरवाला निवासी गुलशन कुमार और सगराणा निवासी त्रिलोचन सिंह, भूपेंद्र सिंह व गुलजार सिंह ने बताया कि पीडब्ल्यूडी विभाग ने बरवाला से भरेली और सगराणा गांव तक सड़क का निर्माण करवा दिया था, लेकिन किसान मैरिज पैलेस के पास पैमाइश संबंधी समस्या के कारण करीब 400 मीटर का हिस्सा अधूरा छोड़ दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि अचानक टूटी सड़क सामने आने से वाहन चालकों को संभलने का मौका नहीं मिलता और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने विभाग से जल्द सड़क निर्माण पूरा करवाने की मांग की।
पेड़ हटने के बाद शुरू होगा निर्माण
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी विभाग के जेई तरुण शर्मा और एसडीओ अनिल कंबोज ने बताया कि अधूरे हिस्से की दोबारा पैमाइश करवा दी गई है। सड़क निर्माण के रास्ते में कुछ पेड़ आ रहे हैं, जिन्हें हटवाने के लिए वन विभाग को लिखित पत्र भेजा जा चुका है। वन विभाग की ओर से पेड़ हटाए जाने के बाद जल्द ही सड़क का निर्माण पूरा करवा दिया जाएगा।