पंचकूला। गलत सेंटर में पहुंचे सीईटी के परीक्षार्थी को डीसीपी ने एस्कॉर्ट गाड़ी से परीक्षा केंद्र पांच मिनट में पहुंचा दिया। परीक्षार्थी ने परीक्षा केंद्र में पहुंचने के बाद डीसीपी और पंचकूला पुलिस का धन्यवाद किया।
हुआ यूं कि डीसीपी सृष्टि गुप्ता सेकेंड शिफ्ट में निरीक्षण के दौरान सेक्टर -15 भवन विद्यालय के पास मौजूद थीं। इस दौरान करनाल से आए सीईटी के उम्मीदवार को सेक्टर -15 में सेंटर नहीं मिल रहा था। उम्मीदवार का सेंटर भवन विद्यालय सेक्टर-15 के बजाय न्यू इंडिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-15 में था। परीक्षा केंद्र नहीं मिलने से परीक्षार्थी परेशान था। डीसीपी ने लिस्ट देखने के बाद डीसीपी ने बिना समय गंवाए एस्कॉर्ट वाहन में तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि वे अभ्यर्थी को उसके असली परीक्षा केंद्र पर शीघ्रता से पहुंचाएं। पुलिस की तेज कार्रवाई और मानवीय पहल के चलते छात्र समय रहते अपने सही परीक्षा केंद्र पर पहुंच गया और परीक्षा में सम्मिलित हो सका।