बस के आगे बैठे विद्यार्थी व ग्रामीण।
हरियाणा रोडवेज के बस चालक ने रोड खराब होने का हवाला देते हुए बीच रास्ते में ही रोक दी थी बस
संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। धतोगड़ा स्थित सरकारी स्कूल के बच्चों को पहाड़ी क्षेत्र के गांव डखरोग रूट तक ले जाने के लिए निकली हरियाणा रोडवेज की बस चालक ने आगे रोड खराब होने का हवाला देते हुए बच्चों को गंतव्य तक पहुंचाने से पहले ही बीच रास्ते में रोक दिया।
गुस्साए विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने बस को वापस कालका डिपो की ओर जाने से रोकते हुए बस के आगे बैठकर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें गंतव्य तक नहीं पहुंचाया जाएगा बस को जाने नहीं देंगे।
लाभ सिंह सरपंच, नवित शर्मा, अच्छर नंबरदार और गीता नंबरदार ने बताया कि शुक्रवार को बस धतोगड़ा स्कूल से निकली थी लेकिन जनौली के पास बस को चालक ने रोक दिया। बच्चों को बताया गया कि आगे की सड़क खराब है और डखरोग तक जाने के लिए छात्र अपना इंतजाम खुद करें।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि अगर बड़ी बस आगे नहीं जा सकती तो क्यों कोई छोटी बस नहीं भेजी गई। उनका कहना है कि कालका डिपो अक्सर बच्चों को इसी तरह परेशान करता है। समय पर बसों की मरम्मत न होने के कारण छोटी बसें खराब रहती हैं और इसका खामियाजा बच्चों को भुगतना पड़ता है। छात्रों और ग्रामीणों ने बस को देर शाम साढ़े 8 बजे तक रोके रखा और खबर लिखे जाने तक मौके पर पुलिस भी पहुंची।