संवाद न्यूज एजेंसीमोरनी। टिक्कर ताल सड़क पर रविवार को बडा हादसा होते-होते बच गया। प्रेशर लीक होने से एक टूरिस्ट बस ढलान पर ब्रेक नहीं लगने से अनियंत्रित होकर खाई में लुढ़कते-लुढ़कते बच गई। सवारियों के अनुसार बस में 50 लोग सवार थे। चालक की सूझबूझ से हादसा बच गया। चश्मदीद जगदीप शर्मा ने बताया कि बस सड़क के किनारे रुक गई, अन्यथा भारी नुकसान होता। बस ब्रह्मकुमारी आश्रम पटियाला से पिकनिक टूर पर टिक्कर ताल के लिए निकली थी।
सवारियों के अनुसार बस पटियाला से मोरनी पहुंची थी। बस में ब्रह्मकुमारी बहनों के साथ कुल 50 सवारियां बैठी थीं। जैसे ही बस मोरनी गांव से टिक्करताल सड़क पर आगे बढ़ी तो कालीघाटी मोड़ की गहरी और लंबी ढलान पर बस का प्रेशर लीक हो गया। इससे बस के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। इसका पता चलते ही बस में बैठी सवारियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। बस को चला रहे चालक जसविंद्र सिंह गांव संगरूर ने अपनी सूझबूझ का परिचय देकर बस को खाई में गिरने से बचा दिया। ड्राइवर ने बस को पहाड़ से सटाकर रोकने की कोशिश की। इससे बस सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिरने से मात्र कुछ दूर पहले रुक गई।
पहले भी कई हादसे हुए इस मोड़ पर
रविवार की घटना पहली घटना नहीं है। यह मोड़ काफी खतरनाक है। यहां पर अक्सर हादसे होते रहते हैं, लेकिन फिर भी दुर्घटना संभावित क्षेत्र में लोकनिर्माण विभाग द्वारा चेतावनी बोर्ड भी नही लगाए गए हैं। हादसा रोकने के लिए मात्र रेलिंग है जोकि नाकाफी है। इलाके के ग्रामीण जगदीप शर्मा, माघीराम शर्मा ने इस मोड़ पर सड़क सुरक्षा नियमों को पूरा करवाने की मांग की है।